हैदराबाद , अक्तूबर 21 -- तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने कहा है कि सरकार ने 5,000 पुलिस कर्मियों की भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी है और पुलिस विभाग में खाली पड़े सभी पदों को वर्ष 2028 तक भर दिया जाएगा।

उन्होंने गोशमहल पुलिस स्टेडियम में पुलिस स्मृति दिवस परेड में औपचारिक सलामी लेने के बाद, पुलिस शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवारों को सरकार के निरंतर समर्थन का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने 112 डीएसपी की नियुक्ति की है, जिसे उन्होंने एक अभूतपूर्व पहल बताया तथा ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को उनकी गरिमा और आत्मसम्मान को बढ़ावा देने के लिए यातायात सहायक के रूप में नियुक्त किया है।

उन्होंने ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले पुलिसकर्मियों के लिए बढ़ी हुई अनुग्रह राशि की घोषणा करते हुए कहा कि इस सहायता को कांस्टेबल, हेड कांस्टेबल और एएसआई के लिए बढ़ाकर एक करोड़ रुपये, एसआई और इंस्पेक्टरों के लिए 1.25 करोड़ रुपये, डीएसपी और अतिरिक्त एसपी के लिए 1.50 करोड़ रुपये तथा एसपी और आईपीएस अधिकारियों के लिए दो करोड़ रुपये कर दिया गया है। उन्होंने ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले होमगार्डों का मुआवजा पांच लाख रुपये से बढ़ाकर 10 लाख रुपये करने का डीजीपी को निर्देश दिया।

श्री रेड्डी ने कल्याणकारी उपायों पर चर्चा करते हुए कहा कि होमगार्ड से लेकर डीजीपी स्तर के अधिकारियों तक के पुलिसकर्मियों के बच्चों को शिक्षा के अवसर प्रदान करने के लिए 'यंग इंडिया पुलिस स्कूल' की स्थापना की गई है।

पुलिस के आधुनिकीकरण पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि विभाग मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए उभरते अपराधों से निपटने के लिए उन्नत तकनीकों को अपनाएगा। उन्होंने युवाओं में मादक पदार्थों के सेवन को गंभीर चिंता का विषय बताते हुए ड्रग्स और गांजा से निपटने के लिए 'ईगल फोर्स' की सराहना की।

उन्होंने खाद्य मिलावट से निपटने के लिए 'टीजी-सेफ' और महिलाओं तथा बच्चों की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए शी टीम्स, 'स्टैंड विद हर' और 'स्पंदना- इमीडिएट प्रोटेक्शन टीम' जैसी पहलों का भी जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने पुलिस कर्मियों से आग्रह किया कि वे महिलाओं और बच्चों से जुड़े मामलों को पूरी संवेदनशीलता के साथ संभालें और समय पर न्याय सुनिश्चित करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित