हैदराबाद , अगस्त 07 -- तेलंगाना सरकार नागार्जुन सागर के तट पर स्थित विजय विहार में 10 अगस्त को भव्य 'महा वरुण यज्ञ' का आयोजन करेगी।

मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने अच्छी बारिश, भरपूर फसल, कृष्णा एवं गोदावरी नदियों में पर्याप्त जल प्रवाह, नागार्जुन सागर जलाशय सहित राज्य के सभी जलाशयों को भरने और तेलंगाना को अल नीनो के दुष्प्रभावों से बचाने की कामना के लिए वरुण यज्ञ का आयोजन कराने का निर्णय लिया है। वह स्वयं 'पूर्णाहुति' (अंतिम अनुष्ठान) में शामिल होंगे।

श्री रेड्डी के निर्देशों के बाद, यादगिरिगुट्टा श्री लक्ष्मी नरसिम्हा स्वामी देवस्थानम के पुजारियों, वैदिक विद्वानों और सिद्धांतियों ने इस अनुष्ठान के लिए 10 अगस्त की शुभ तिथि तय की है।

बंदोबस्त विभाग और यादगिरिगुट्टा देवस्थानम के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस महा वरुण यज्ञ में 108 ऋत्विक, 11 होम कुंड और वैदिक विद्वानों तथा पुजारियों की एक बड़ी टीम शामिल होगी। श्री रेड्डी अपराह्न 03:24 बजे निर्धारित पूर्णाहुति समारोह में शामिल होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित