हैदराबाद , मई 02 -- तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने सरकारी कर्मचारियों के लिए 100 दिनों के भीतर 6,000 करोड़ के लंबित सेवानिवृत बकाए का भुगतान करने और एक जून तक सभी कर्मचारियों को हेल्थ कार्ड जारी करने की घोषणा की है।
कर्मचारी संयुक्त कार्य समिति(जेएसी) के साथ शनिवार को यहां एक बैठक में मुख्यमंत्री ने वेतन संशोधन आयोग (पीआरसी) को तुरंत अपनी रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिए और कहा कि सरकार वेतन वृद्धि पर फैसला लेने के लिए तैयार है। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि कर्मचारी संघ हर दो महीने में बैठकें करें और अपने मुद्दों पर सरकार को रिपोर्ट सौंपें ताकि उनका समय पर समाधान हो सके। उन्होंने कहा कि सरकार ने पदभार संभालने के बाद से ही कर्मचारियों के कल्याण को प्राथमिकता दी है, जिसमें यह सुनिश्चित करना शामिल है कि हर महीने की पहली तारीख को वेतन खाते में जमा हो जाए और संघों को अपने चुनाव स्वतंत्र रूप से कराने की अनुमति दी जाए। उन्होंने कल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यक्रमों के सफल कार्यान्वयन में कर्मचारियों की भूमिका को भी सराहा।
श्री रेड्डी ने बताया कि सरकार ने विभिन्न विभागों में 67,760 कर्मचारियों की भर्ती की है और सुनियोजित तरीके से शिक्षकों का तबादला किया है। सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए उन्होंने कहा कि एक जून तक सभी कर्मचारियों को हेल्थ कार्ड जारी कर दिए जाएंगे, जबकि 100 दिनों के भीतर सेवानिवृति लाभ के रूप में 6,000 करोड़ का भुगतान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन निधियों के उपयोग को प्राथमिकता देने में कर्मचारी संघ भी अपनी भूमिका निभा सकते हैं।
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क ने कहा कि सरकार दो जून को राज्य स्थापना दिवस तक सभी लंबित बिलों का भुगतान करने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों से जमा हुए मुद्दों को हल करने के लिए एक व्यापक योजना तैयार की गई है।
सरकार के फैसलों का स्वागत करते हुए जेएसी ने पांच मई से अपने धरने और विरोध प्रदर्शनों को वापस लेने की घोषणा की।
बैठक में जेएसी नेताओं एम. जगदीश और अन्य ने हिस्सा लिया और अपनी लंबे समय से लंबित मांगों को पूरा करने के लिए सरकार का आभार व्यक्त किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित