हैदराबाद , अक्टूबर 12 -- तेलंगाना के परिवहन और पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने सोमवार को कहा कि राज्य सरकार ने हाल ही में शुरू किये गये संयुक्त बस-मेट्रो पास के किराए की समीक्षा करने का फैसला किया है, क्योंकि जनता की ओर से शिकायतें मिल रही थीं कि यह बहुत अधिक है।

श्री प्रभाकर ने एक बयान में कहा कि उप मुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्क के सुझाव के बाद किराए के ढांचे की जांच के लिए जल्द ही वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक बुलायी जायेगी।

मौजूदा किराया प्रणाली के तहत दैनिक संयुक्त पास की कीमत 400 रुपये है, जिसमें मेट्रो सेवाओं के लिए 300 रुपये और आरटीसी बसों के लिए 100 रुपये शामिल हैं। वहीं मासिक पास की कीमत 8,500 रुपये है, जिसमें मेट्रो सेवाओं के लिए 7,000 रुपये और आरटीसी बसों के लिए 1,500 रुपये तय किये गये हैं।

पास की कीमत को लेकर आम लोगों की चिंताओं को स्वीकार करते हुए श्री पोन्नम ने कहा कि किराए में संशोधन पर फैसला लेने से पहले सरकार जनभावनाओं और जमीनी हकीकत पर विचार करेगी। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करना है और यात्रियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाले बिना अधिक से अधिक लोगों को मेट्रो रेल और आरटीसी बस दोनों सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित करना है।

उन्होंने आश्ववस्त किया कि संयुक्त पास प्रणाली को यात्रियों के लिए सुगम और किफायती बनाने के लिए सरकार जल्द ही उचित निर्णय लेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित