हैदराबाद , मई 12 -- तेलंगाना के श्रम और रोजगार मंत्री जी. विवेक वेंकटस्वामी ने मंगलवार को कहा कि राज्य सरकार युवाओं के लिये विदेशों में रोजगार के अधिक अवसर पैदा करने, अधिक नर्सिंग कॉलेजों की स्थापना करने और नर्सिंग सीटें बढ़ाने के लिए कदम उठाएगी।

हैदराबाद के टूरिज्म प्लाजा में तेलंगाना ओवरसीज मैनपावर कंपनी (टोमकॉम) द्वारा आयोजित 'ट्रिपल विन प्रोग्राम' के तहत प्रशिक्षण ले रही नर्सों को संबोधित करते हुये, मंत्री ने प्रशिक्षुओं का आह्वान किया कि वे जर्मन भाषा को गंभीरता से सीखें और इस कार्यक्रम को सफल बनायें, ताकि तेलंगाना के और अधिक युवाओं के लिये जर्मनी में नौकरी पाने का रास्ता साफ हो सके।

उन्होंने कहा कि सरकार ने 'टॉमकॉम' कार्यक्रमों के लिये विशेष धन आवंटित किया है और आश्वासन दिया कि नर्सिंग की सीटें बढ़ाने का मुद्दा मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के समक्ष उठाया जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित