हैदराबाद , अगस्त 30 -- तेलंगाना भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने रविवार को कांग्रेस सरकार की जन-विरोधी नीतियों के खिलाफ सितंबर में कई विरोध-प्रदर्शन करने की घोषणा की।
वे मेडचल-मलकाजगिरी शहरी जिला भाजपा इकाई के नये अध्यक्ष के रूप में श्री गिरिवर्धन रेड्डी के शपथ ग्रहण समारोह और पार्टी के नये जिला कार्यालय के उद्घाटन के मौके पर बोल रहे थे। इस कार्यक्रम में मलकाजगिरी के सांसद एटेला राजेंद्र और कई राज्य व जिला नेता, जन प्रतिनिधि और पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए।
श्री रामचंदर राव ने आरोप लगाया कि रेवंत रेड्डी सरकार प्रस्तावित केंद्रीय शहरी क्षेत्र (सीयूआरई) नीति और ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) अधिनियम में संशोधनों के माध्यम से हैदराबाद पर अधिक नियंत्रण हासिल करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने दावा किया कि इस कदम से पार्षदों और महापौर की शक्तियां कमजोर होंगी और लोगों पर वित्तीय बोझ बढ़ेगा।
उन्होंने हैदराबाद आपदा प्रतिक्रिया और संपत्ति निगरानी एवं संरक्षण एजेंसी (हायड्रा) द्वारा की जा रही तोड़फोड़ की कार्रवाई की भी आलोचना की और आरोप लगाया कि सरकार सार्वजनिक और औद्योगिक भूमि को रियल एस्टेट परियोजनाओं में बदल रही है। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर बिल्डरों और रियलटर्स से मिलने वाले कमीशन पर निर्भर रहने का आरोप लगाया और कहा कि यह दर भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) शासनकाल के 15 प्रतिशत से बढ़कर कांग्रेस सरकार के तहत 30 प्रतिशत हो गई है।
श्री रामचंदर राव ने कहा कि लोग बीआरएस और कांग्रेस दोनों के विकल्प के रूप में भाजपा की ओर देख रहे हैं। उन्होंने हाल ही में हुए इंडिया टुडे-सी-वोटर सर्वेक्षण का हवाला देते हुए दावा किया कि तेलंगाना में भाजपा आठ से 10 लोकसभा सीट जीतेगी।
उन्होंने राज्य में ड्रग्स की समस्या को रोकने में विफल रहने के लिए भी कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया और कहा कि ड्रग्स से जुड़े मामलों में 43 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से ड्रग्स के खिलाफ लड़ने और सरकार की विफलताओं को उजागर करने का आग्रह किया।
उन्होंने घोषणा की कि भाजपा 5 और 6 सितंबर को इंदिरा पार्क में दो दिवसीय 'महा दीक्षा' आयोजित करेगी, जिसका नेतृत्व बीजेएलपी नेता आलेती महेश्वर रेड्डी करेंगे। इसमें '22-ए' भूमि नियमों को रद्द करने की मांग की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित