हैदराबाद , सितंबर 18 -- तेलंगाना के राजस्व और आवास मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी ने शुक्रवार को कहा कि राज्य सरकार पंजीयन अधिनयम की धारा 22-ए से जुड़े 12 मुद्दों को ज़्यादा से ज़्यादा एक महीने के अंदर सुलझा लेगी।

श्री श्रीनिवास रेड्डी ने विधानसभा में कहा कि 16 सितंबर को सदन में मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी की विस्तृत चर्चा के बाद इन मुद्दों को हल करने के लिए एक उच्च स्तरीय कमेटी बनायी गयी है। इस कमेटी में सीसीएलए आयुक्त डी.एस. लोकेश कुमार अध्यक्ष हैं और विधि सचिव पापी रेड्डी और स्टाम्प और पंजीयन के महानिरीक्षक राजीव गांधी सदस्य हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार ने धारा 22-ए की पाबंदियों से प्रभावित लोगों को राहत देने के लिए पहले ही कदम उठा लिए हैं। जी.ओ. 118 का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा कि 9,792 लोगों ने अपने प्लॉट को नियमित कराने के लिए आवेदन किया है। उन्होंने कहा कि जी.ओ . 118 और धारा 22-ए के तहत रेगुलराइजेशन के लंबित मामलों को सुलझाने के लिए मेमो नंबर 46940 जारी किया गया है। शनिवार को एलबी नगर इलाके की लगभग 22-23 कॉलोनियों में योग्य आवेदकों को टाइटल डीड बांटी जायेंगी और उसके बाद प्रॉपर्टीज़ को 22-ए सूची से हटा दिया जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित