हैदराबाद , जून 01 -- तेलंगाना के मुख्य सचिव रामकृष्ण राव ने सोमवार को घोषणा की कि कर्मचारी स्वास्थ्य योजना (ईएचएस) को एक समर्पित कर्मचारी स्वास्थ्य देखभाल ट्रस्ट के माध्यम से लागू किया जायेगा और इस ट्रस्ट का गठन अगले कुछ दिनों के भीतर किये जाने की उम्मीद है।
सचिवालय में संयुक्त कर्मचारी परिषद के सदस्यों और विभिन्न कर्मचारी संघों के प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक की अध्यक्षता करते हुये मुख्य सचिव ने कहा कि कर्मचारी संगठनों द्वारा दिये गये सुझावों और सिफारिशों पर विचार करने के बाद ट्रस्ट के परिचालन दिशानिर्देशों को अंतिम रूप दिया जायेगा। बैठक में राज्य भर के सरकारी कर्मचारियों, पेंशनभोगियों और उनके आश्रित परिवार के सदस्यों के लिये स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत और सुव्यवस्थित करने पर ध्यान केंद्रित किया गया।
श्री रामकृष्ण राव ने कहा कि मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के निर्देशानुसार राज्य सरकार कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और परेशानी मुक्त स्वास्थ्य सेवायें प्रदान करने के लिये प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित ट्रस्ट स्वास्थ्य लाभों के कुशल और पारदर्शी वितरण को सुनिश्चित करने के लिये एक स्वायत्त संस्थागत तंत्र के रूप में कार्य करेगा। उन्होंने यह भी बताया कि विशेष रूप से ट्रस्ट के लिये एक अलग बैंक खाता खोला जायेगा, जिसमें सरकार और कर्मचारियों दोनों का समान वित्तीय योगदान होगा।
मुख्य सचिव ने प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया कि सरकार एक स्थायी और उत्तरदायी स्वास्थ्य सेवा प्रणाली स्थापित करने के लिये सभी आवश्यक कदम उठा रही है और कहा कि ट्रस्ट के ढांचे को अंतिम रूप देते समय कर्मचारियों के सुझावों को शामिल किया जायेगा।
कर्मचारी संघों के प्रतिनिधियों ने इस पहल का स्वागत किया और प्रस्तावित ट्रस्ट के प्रभावी कामकाज के लिये शासन, वित्तीय प्रबंधन, सेवा वितरण और शिकायत निवारण तंत्र के संबंध में सुझाव दिये।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, बैठक में टीजीओए, टीएनजीओ, डिप्टी कलेक्टर्स एसोसिएशन, तहसीलदार एसोसिएशन और टीपीयूएस सहित विभिन्न कर्मचारी संगठनों के वरिष्ठ अधिकारी और प्रतिनिधि शामिल हुये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित