हैदराबाद , सितंबर 08 -- तेलंगाना विधानसभा ने मंगलवार को एक प्रस्ताव पास किया, जिसमें सोमवार को भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के विधान पार्षदों टाटा मधुसूदन और एन. नवीन कुमार रेड्डी द्वारा अध्यक्ष गड्डम प्रसाद कुमार के खिलाफ की गयी अपमानजनक और असंसदीय टिप्पणियों की कड़ी निंदा करते हुए कार्रवाई की मांग की गयी।
स्वास्थ्य मंत्री दामोदर राजा नरसिम्हा ने यह प्रस्ताव पेश किया। इसमें महिलाओं की मौजूदगी में अपनी टी-शर्ट उतारने वाले दोनों विधान पार्षदों के अभद्र और असभ्य व्यवहार की भी निंदा की गयी। सदन ने कहा कि ऐसा व्यवहार विधान परिषद के सदस्यों के लिए अशोभनीय था और इसने अध्यक्ष की गरिमा एवं अधिकार तथा विधानसभा की अखंडता को गंभीर रूप से कम किया।
प्रस्ताव में कहा गया कि राजनीतिक मतभेद, व्यक्तिगत शिकायतें या विचारों में अंतर ऐसे व्यवहार को सही नहीं ठहरा सकते जो पीठासीन अधिकारी की गरिमा को कम करे या सदन के कामकाज में बाधा डाले। विधानसभा ने बीआरएस नेता और विपक्ष के नेता के. चंद्रशेखर राव से भी कहा कि वे अपनी पार्टी के सदस्यों के व्यवहार की जिम्मेदारी लें और अध्यक्ष से बिना शर्त माफी मांगें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित