हैदराबाद , जुलाई 10 -- तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के बाहरी इलाके शमशाबाद में 12 जुलाई को होने वाली 22वीं तेलंगाना क्षेत्रीय विलक्षण प्रतिभा प्रतियोगिता (रीजनल प्रॉडिजी चैंपियनशिप) 2026 में प्रदेश भर भर से 4 से 14 साल की उम्र के 3,200 से ज़्यादा छात्र हिस्सा लेंगे।
बच्चों के कौशल विकास संगठन और छह बार लिम्का बुक ऑफ़ रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज कराने वाली संस्था एसआईपी अबाकस द्वारा आयोजित इस चैंपियनशिप में प्रतिभागियों की मानसिक गणित, एकाग्रता, याददाश्त, विज़ुअलाइज़ेशन, गति, सटीकता और मानसिक फुर्ती जैसी क्षमताओं का प्रदर्शन किया जायेगा।
ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) के आयुक्त आर.वी. कर्णन, तेलंगाना हाउसिंग डिपार्टमेंट के स्पेशल सेक्रेटरी वी.पी. गौतम और एआसीके ग्लोबल इंटरनेशनल स्कूल के प्राचार्य पन्नुरु प्रभाकर मुख्य अतिथि के तौर पर इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इस चैंपियनशिप की एक खास बात एकाग्रता परीक्षा (कॉन्सेंट्रेशन राउंड) होगी, जिसमें प्रतिभागी पार्श्व में तेज़ संगीत बजने के दौरान मानसिक गणित की समस्याओं को हल करेंगे। बच्चों को जटिल गणनाएँ करते हुए गाने, नाचने और हिलने-डुलने के लिए प्रोत्साहित किया जायेगा, जिससे ध्यान भटकाने वाली चीज़ों के बावजूद उनका ध्यान और सटीकता बनाए रखने की क्षमता परखी जा सकेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित