हैदराबाद , जून 15 -- तेलंगाना में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून सोमवार को कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ गया है और इसके प्रभाव से 18 से 21 जून तक प्रदेश में कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है।
मौसम विज्ञान केन्द्र ने यह जानकारी दी है।
मौसम विभाग के अधिकारियाें के मुताबिक मानसून ने इसके अलावा आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के बाकी हिस्सों के साथ-साथ ओडिशा, झारखंड और बिहार के कुछ हिस्सों को भी कवर किया। उन्होंने अगले सात दिनों के दौरान राज्य में कुछ जगहों पर गरज के साथ बारिश और 40 से 50 किलोमीटर की गति से तेज़ हवाएं चलने का भी अनुमान जताया है। इस दौरान तेलंगाना में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में कोई बदलाव नहीं होने के आसार है, जिसके बाद धीरे-धीरे दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी। उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में एक-दो जगहों पर बारिश हुई। रिपोर्ट में कहा गया है कि इसी समय के दौरान आदिलाबाद में सबसे ज़्यादा 40.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित