हैदराबाद , जुलाई 14 -- तेलंगाना के मुख्य सचिव संजय जाजू ने मंगलवार को चार और पांच अगस्त को हैदराबाद में होने वाली दूसरे ब्रिक्स भ्रष्टाचार निरोधक कार्य समूह की बैठक की तैयारियों की समीक्षा की और सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक में राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों और केंद्र सरकार के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। मुख्य सचिव ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां समय रहते पूरी की जायें, ताकि वैश्विक आयोजनों के लिए हैदराबाद की प्रतिष्ठा और मजबूत हो।

दो दिवसीय बैठक में ब्रिक्स के 11 सदस्य देशों के लगभग 40 अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि तथा केंद्र सरकार के करीब 40 वरिष्ठ अधिकारी भाग लेंगे। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) के संयुक्त सचिव सुशील कुमार पटेल ने बैठक की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए सुरक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं आपात चिकित्सा सेवाएं, परिवहन, प्रोटोकॉल, आवास, आयोजन स्थल प्रबंधन तथा अन्य व्यवस्थाओं में राज्य सरकार से सहयोग का अनुरोध किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित