राजन्ना सिरसिल्ला , जुलाई 30 -- तेलंगाना के परिवहन मंत्री पोन्नम प्रभाकर, सिंचाई मंत्री तुम्माला नागेश्वर राव और अड्लुरी लक्ष्मण कुमार ने गुरुवार को वेमुलावाड़ा बस अड्डा के आधुनिकीकरण कार्य की आधारशिला रखी। वेमुलावाड़ा बस अड्डा का आधुनिकीकरण लगभग 1.6 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है।
इस दौरान दोनों मंत्रियों ने कोरुतला होते हुए वेमुलावाड़ा और बसरा को जोड़ने वाली एक नयी एक्सप्रेस बस सेवा को भी हरी झंडी दिखायी।
श्री प्रभाकर ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता संभालने के 48 घंटों के भीतर ही महालक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की सुविधा शुरू कर दी थी, जिससे सड़क परिवहन निगम (आरटीसी) की बसों में यात्रियों की संख्या में काफी बढ़ोतरी हुयी। उन्होंने कहा कि बढ़ी हुई मांग को पूरा करने के लिए सरकार ने अतिरिक्त बसें खरीदीं और नयी भर्तियां की गयी हैं।
उन्होंने बताया कि वेमुलावाड़ा बस अड्डा 1984 में बना था और अब यात्रियों को बेहतर सुविधाएँ देने के लिए इसका नया स्वरूप दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नेताओं ने पहले बस अड्डा को शहर से दूसरी जगह ले जाने की कोशिशों का विरोध किया था।श्री प्रभाकर ने कहा कि दक्षिण काशी' के नाम से प्रसिद्ध वेमुलावाड़ा से प्रतिदिन करीब 250 बसें 560 फेरे संचालित करती हैं। उन्होंने बताया कि नई बासर बस सेवा शुरू करने के अलावा इससे पहले मुंबई के लिए भी बस सेवा शुरू की जा चुकी है। मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने आरटीसी को घाटे में चलने वाले संगठन से लाभकारी संस्था में बदलने में सफलता हासिल की है और कर्मचारियों से किए गए सभी वादों को पूरा किया जा रहा है।
इस कार्यक्रम में सरकारी व्हिप आदि श्रीनिवास, विधायक कव्वामपल्ली सत्यनारायण, मेडीपल्ली सत्यम और संजय कुमार, मुन्नुरु कापू कॉर्पोरेशन के चेयरमैन बोम्मा श्रीराम चक्रवर्ती, आरटीसी के मैनेजिंग डायरेक्टर वाई. नागी रेड्डी, ज़िला कलेक्टर गरिमा अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक, आरटीसी के कार्यकारी निदेशक सोलोमन और राजशेखर के साथ-साथ अन्य जन-प्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित