हैदराबाद , मई 25 -- तेलंगाना भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने सोमवार को वारंगल और हैदराबाद जिलों में रिश्वत के अलग-अलग मामलों में दो सरकारी अधिकारियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया हैं।

पहले मामले में सिंचाई और कमांड क्षेत्र विकास विभाग में विभागीय अधिशाषी अभियंता गंटी श्रीकांत को एसीबी वारंगल रेंज ने कथित तौर पर हनुमकोंडा के भवानी नगर स्थित अपने आवास पर एक ठेकेदार से 50,000 रुपये की रिश्वत राशि लेते पकड़ा। वह फिलहाल वारंगल जिले के पालकुर्थी में तैनात हैं।

ब्यूरो की विज्ञप्ति के अनुसार आरोपी ने कथित तौर पर शिकायतकर्ता द्वारा बनाए गए 10 डबल-बेडरूम वाले घरों के निर्माण से संबंधित एम-बुक में अंतिम माप दर्ज करने और लंबित बिलों को पास करने के लिए रिश्वत की मांग की थी।

विज्ञप्ति में बताया गया है कि ये बिल कथित तौर पर सितंबर 2022 से लंबित थे। रिश्वत की रकम आरोपी के पास से बरामद कर ली गई है, और उसे वारंगल में एसपीई और भ्रष्टाचार मामलों के विशेष न्यायाधीश के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले की जांच जारी है।

एक अन्य मामले में हैदराबाद के अमीरपेट स्थित सरकारी हाई स्कूल में स्कूलों के उप निरीक्षक के कार्यालय में रिकॉर्ड सहायक के पद पर तैनात एस. शिवानंद को ब्यूरो सिटी रेंज-द्वितीय इकाई ने तब रंगे हाथों पकड़ा, जब वे कथित तौर पर 20,000 रुपये की रिश्वत ले रहे थे।

ब्यूरों ने बताया कि आरोपी ने शिकायतकर्ता की मां की पेंशन और सेवानिवृत्ति लाभों से संबंधित फाइलों को आगे बढ़ाने और उच्च अधिकारियों को भेजने के लिए इस रकम की मांग की थी। इस कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम आरोपी के पास से बरामद कर ली गई। उसे न्यायिक हिरासत के लिए नामपल्ली में एसपीई और एसीबी मामलों के प्रधान विशेष न्यायाधीश के समक्ष पेश किया जा रहा है।

विज्ञप्ति में आगे कहा गया है कि सुरक्षा कारणों से, दोनों ही मामलों में शिकायतकर्ताओं की पहचान गुप्त रखी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित