हैदराबाद , जून 16 -- तेलंगाना के कृषि एवं सहकारिता मंत्री तुम्मला नागेश्वर राव ने मंगलवार को किसानों को आश्वस्त किया कि राज्य में यूरिया और अन्य उर्वरकों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार कृषि समुदाय को बिना किसी परेशानी के समय पर खाद की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
श्री तुम्मला ने यहां आयोजित 'रैतु नेस्तम' कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार के शुरू किए फर्टिलाइजर ऐप ने यूरिया वितरण में पारदर्शिता और कार्यकुशलता बढ़ाई है। उन्होंने कहा कि इस ऐप के माध्यम से अब तक चार लाख से अधिक किसानों ने 13 लाख से अधिक बोरी यूरिया की बुकिंग की है, जिसमें से 11 लाख से अधिक बोरियों की खरीदारी पहले ही की जा चुकी है। यह करीब 85 प्रतिशत की बेहतर डिलीवरी दर को दर्शाता है। ऐप के जरिए यूरिया की खरीद के मामले में निजामाबाद जिला राज्य में सबसे आगे है।
मंत्री नागेश्वर राव ने बताया कि राज्य में वर्तमान में यूरिया का पर्याप्त बोरियों का स्टॉक मौजूद है, जिसमें खुदरा दुकानों, सहकारी समितियों, मार्कफेड और गोदामों में उपलब्ध स्टॉक शामिल है। उन्होंने कहा कि जिन किसानों के पास स्मार्टफोन नहीं हैं या जो ऐप का उपयोग करने में असमर्थ हैं, उनके लिए एक टोल-फ्री सुविधा भी शुरू की गई है, जिससे वे समर्पित कर्मचारियों की सहायता से यूरिया बुक कर सकते हैं। यह डिजिटल प्रणाली उर्वरकों की कालाबाजारी, डायवर्जन और अवैध परिवहन को रोकने के साथ-साथ वास्तविक किसानों तक आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए तैयार की गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित