सूर्यापेट , मई 29 -- तेलंगाना प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव ने शुक्रवार को विश्वास जताया कि राज्य में अगली सरकार भाजपा बनाएगी। उन्होंने कहा कि पूरे राज्य के लोग अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 'डबल-इंजन भाजपा सरकार' देखना चाह रहे हैं।

श्री राव ने सूर्यापेट में 'पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण अभियान' को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं है, बल्कि 'राष्ट्र प्रथम' और सेवा के सिद्धांतों पर आधारित एक आंदोलन है। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच वैचारिक प्रतिबद्धता, अनुशासन, संगठनात्मक शक्ति और सेवा भावना को मजबूत करना है। भाजपा के शुरुआती दिनों को याद करते हुए उन्होंने कहा कि जब पार्टी के पास राष्ट्रीय स्तर पर केवल दो सीटें थीं, तब कार्यकर्ताओं ने संगठन को खड़ा करने के लिए गांव-गांव जाकर साइकिल से यात्रा की थी।

उन्होंने तेलंगाना में भाजपा के मौजूदा विकास का श्रेय कार्यकर्ताओं के समर्पण और बलिदान को दिया, जहां अब पार्टी के आठ सांसद और आठ विधायक हैं। कांग्रेस और भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) पर तीखा हमला करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों दल तेलंगाना की जनता की उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे हैं। उन्होंने कांग्रेस को "कमीशन-खोर पार्टी" करार दिया और राज्य सरकार पर धान खरीद में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया, जिसके कारण किसानों को अपनी उपज न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से कम कीमत पर बेचने के लिए मजबूर होना पड़ा। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार ने तभी कार्रवाई की, जब भाजपा ने 'रैतु गोसा-भाजपा भरोसा यात्रा' शुरू की।

उन्होंने राज्य सरकार किसानों से हर दाना तुरंत खरीदने की मांग करते हुए कहा कि केंद्र पहले से ही खरीद के खर्च की भरपाई कर रहा है। तेलंगाना के लिए श्री मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के योगदानों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कई पहलों को गिनाया, जिनमें राष्ट्रीय राजमार्ग, मुफ्त चावल वितरण, रामागुंडम उर्वरक कारखाने का पुनरुद्धार, वारंगल हवाई अड्डे का विकास, केंद्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय, वारंगल टेक्सटाइल पार्क, कोच फैक्ट्री और ज़हीराबाद में औद्योगिक विकास शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित