हैदराबाद , फरवरी 15 -- तेलंगाना भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश कार्यालय में रविवार को बंजारा समुदाय के प्रतीक संत सेवालाल महाराज की जयंती बड़े उत्साह के साथ मनायी गयी।
इस कार्यक्रम में तेलंगाना भाजपा के अध्यक्ष एन रामचंद्र राव मुख्य अतिथि थे। उन्होंने संत सेवालाल महाराज की तस्वीर पर माला चढ़ाई और उन्हें श्रद्धांजलि दी।
श्री राव ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा खासकर अपने आदिवासी मोर्चा के ज़रिए, हर साल पूरे राज्य में सेवालाल महाराज जयंती समारोह आयोजित करती रही है और उन्होंने इस कार्यक्रम में शामिल होने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि संत सेवालाल महाराज का जीवन और आदर्श पार्टी के सिद्धांतों से काफी मिलते-जुलते थे।
उन्होंने कहा कि सेवालाल महाराज ने न केवल विदेशी राज के खिलाफ लड़ाई लड़ी, बल्कि अपना जीवन प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा के लिए भी समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि श्री सद्गुरु संत सेवालाल महाराज को बंजारा समुदाय देवता मानता है और आदिवासी उन्हें प्रकृति का रखवाला मानते हैं। उन्होंने कहा कि जगदम्बा माता की भक्ति में उनकी शिक्षाएं आज की पीढ़ियों को प्रेरणा देती हैं।
उन्होंने केंद्र की पहलों पर रोशनी डालते हुए कहा कि यह नरेंद्र मोदी की सरकार थी जिसने आदिवासी कल्याण के लिए ऐतिहासिक फैसले लिए, जिसमें जनजातीय मंत्रालय की स्थापना, जनजातीय आायोग को मजबूत करना और जनजातीय विकास के लिए बहुत ज़्यादा धन देना शामिल है।
उन्होंने कहा कि मुलुगु में सम्मक्का-सरलम्मा जनजातीय यूनिवर्सिटी की स्थापना से आदिवासी इलाकों में उच्च शिक्षा के मौके बढ़े हैं और महाराष्ट्र में सेवालाल महाराज मंदिर के निर्माण को आदिवासी संस्कृति के लिए एक श्रद्धांजलि बताया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आदिवासी की शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य के लिए कई योजनाएं लागू की गई हैं, जिसका मकसद आदिवासी समुदाय को मुख्य धारा में लाना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित