हैदराबाद , जून 03 -- भारत राष्ट्र समिति(बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष के.टी. रामा राव ने बुधवार को आरोप लगाया कि तेलंगाना में भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस ने हाथ मिला लिया है और राज्य के आगामी विधानसभा चुनाव में बीआरएस 90 विधानसभा सीटों के साथ सत्ता में वापसी करेगी।
श्री केटीआर ने तेलंगाना राज्य के गठन के 12 वर्ष पूरा होने के अवसर पर सोमाजीगुडा में बुधवार को प्रेस क्लब द्वारा आयोजित "मीट द प्रेस" कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सरकार पर जन-विरोधी शासन चलाने और अपने चुनावी वादों को पूरा करने में विफल रहने का आरोप लगाया।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने हाल ही में हुए एक विवाद में केंद्रीय मंत्री बी संजय के बेटे को नौ दिनों तक बचाया। उन्होंने सवाल किया कि मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी के ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय की छापेमारी के बावजूद उनके खिलाफ कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई। श्री केटीआर ने दावा किया कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने खुद केंद्रीय मंत्री बी संजय के बेटे से जुड़े मामले को संरक्षित किया।
बीआरएस की चुनावी जीत पर भरोसा व्यक्त करते हुए श्री केटीआर ने कहा कि कांग्रेस सरकार के प्रति जनता में तेज़ी से असंतोष फैल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस को मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के कोडांगल निर्वाचन क्षेत्र में भी हार का सामना करना पड़ेगा। श्री केटीआर ने तेलंगाना में जन सेना प्रमुख और आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण की प्रस्तावित जनसभा को लेकर चल रहे राजनीतिक विवाद पर भी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी जन सेना के तेलंगाना में चुनाव लड़ने की विरोधी नहीं है और वह 2018 और 2023 में भी चुनाव लड़ चुकी है। उन्होंने कहा कि देश में कोई भी व्यक्ति कहीं से भी चुनाव लड़ सकता है और श्री कल्याण को तेलंगाना से चुनाव लड़ने से किसी ने नहीं रोका है। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी प्रस्तावित बैठक में रुकावट डालने वाली कांग्रेस सरकार थी।
श्री केटीआर ने जोर देकर कहा कि तेलंगाना अपनी "धरती के बेटों" की है श्री केटीआर ने श्री कल्याण की क्षेत्रीयता और तेलंगाना राज्य के दर्जे पर पहले की टिप्पणियों का उल्लेख किया और तेलंगाना स्थापना दिवस पर एक जनसभा आयोजित करने के फ़ैसले पर सवाल उठाया।
उन्होंने कहा, "हम पवन कल्याण का आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री के तौर पर सम्मान करते हैं और एक अभिनेता के रूप में उनकी सराहना करते हैं लेकिन तेलंगाना के राजनीतिक मामले तेलंगाना की जनता से जुड़े हुए हैं।" श्री केटीआर ने पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव को "तेलंगाना का असली नेता" बताया और वर्षों के संघर्ष तथा बलिदान के माध्यम से राज्य का दर्जा मिलने का श्रेय उन्हें दिया। श्री केटीआर ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए इसे तेलंगाना के इतिहास का सबसे बड़ा खलनायक करार दिया और आरोप लगाया कि इसने दशकों तक तेलंगाना आंदोलन को दबाए रखा और अंततः मजबूरी में राज्य का दर्जा प्रदान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित