हैदराबाद , अक्टूबर 03 -- तेलंगाना में मलकाजगिरी की पुलिस ने सिकंदराबाद के बोलारम स्थित मद्रास रेजिमेंट की 20वीं बटालियन भंडार से हथियार और गोला-बारूद चोरी होने के मामले में तीन सेवारत सैन्यकर्मियों समेत सात और लोगों को गिरफ्तार किया है।

मलकाजगिरी की पुलिस आयुक्त बी. सुमति ने शनिवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ये गिरफ्तारियां मद्रास रेजिमेंट की 20वीं बटालियन के 37 वर्षीय सेवानिवृत्त हवलदार उप्पुतोल्ला मल्लेश से 10 दिन तक हिरासत में पूछताछ के बाद की गयी हैं। मल्लेश को इस मामले में 11 सितंबर को गिरफ्तार किया गया था।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि गत 31 अगस्त को सेना के जवानों ने भंडार के ताले टूटे एक पाये , तो इस चोरी का पता चला। इस दौरान कई हथियार, गोला-बारूद तथा दूरबीन गायब मिलीं। मल्लेश से 22 सितंबर से एक अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में पूछताछ की गयी और इसके बाद उसे चंचलगुडा केंद्रीय जेल भेज दिया गया।

उन्होंने बताया कि बरामद सामान में पांच मैगजीन के साथ चार एके-203 राइफल, तीन मैगजीन के साथ एक इंसास राइफल, 12 मैगजीन के साथ छह 9 एमएम पिस्तौल, एक मैगजीन के साथ एक सिविल पिस्तौल, तीन दूरबीन, पिस्तौल के 1,156 कारतूस, एके-203 के 720 कारतूस और इंसास के 36 कारतूस शामिल हैं। चोरी किये गये हथियार और गोला-बारूद मल्लेश के पिता के साई नगर, अचमपेट स्थित घर से बरामद हुए।

पुलिस आयुक्त ने कहा कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मुख्य आरोपी मल्लेश ने मद्रास रेजिमेंट के तीन पूर्व सहयोगियों और अन्य साथियों की मदद से कथित तौर पर चोरी की योजना बनायी थी। उसका इरादा चोरी किये गये हथियारों का इस्तेमाल बैंकों, आभूषण की दुकानों और धनाढ्य लोगों को निशाना बनाकर लूट करने में करने का था।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि आरोपियों ने चोरी किये गये सेना के हथियार और गोला-बारूद बेचने के लिए पश्चिम बंगाल के दो लोगों से कथित तौर पर संपर्क भी किया था। वर्ष 2022 में मल्लेश द्वारा कथित तौर पर खरीदा गया एक देशी हथियार भी अचमपेट स्थित उसके पिता के घर से बरामद किया गया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और शस्त्र अधिनियम, 1959 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित