हैदराबाद , मार्च 25 -- केंद्रीय गृह राज्य मंत्री, बंडी संजय कुमार ने बुधवार को लोगों से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर तेलंगाना में पेट्रोल और डीज़ल की कथित कमी के बारे में फैल रही अफ़वाहों पर विश्वास न करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति बिना किसी रुकावट के जारी है।
श्री कुमार ने एक बयान में कहा कि तेलंगाना पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि इंडियन ऑयल, एचपीसीएल और बीपीसीएल सहित सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों के पास ईंधन का भंडार पर्याप्त है। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि केंद्र सरकार तेल के स्टॉक पर नज़र रखे हुये है ताकि आपूर्ति में कोई रुकावट न आए।
मंत्री ने अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहे भू-राजनीतिक तनाव से ईंधन की कमी को जोड़ने वाले दावों को खारिज करते हुए कहा कि ऐसे दुष्प्रचार में "बिल्कुल भी सच्चाई नहीं है"। उन्होंने कहा कि पूरे राज्य में पेट्रोल और डीज़ल की नियमित आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है।
श्री कुमार ने आगाह किया कि अफ़वाहों के कारण लोग घबराकर ज़्यादा खरीदारी कर रहे हैं, कई वाहन चालक ईंधन स्टेशनों की ओर दौड़ रहे हैं और ज़रूरत से ज़्यादा ईंधन खरीद रहे हैं। उन्होंने कहा कि मांग में इस अचानक हुई बढ़ोतरी के कारण कुछ आउटलेट्स पर स्टॉक में अस्थायी कमी आ गई है, जिससे अनावश्यक असुविधा हो रही है।
उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि कुछ निहित स्वार्थ वाले लोग जानबूझकर कृत्रिम कमी पैदा करने और कालाबाज़ारी करने की कोशिश कर सकते हैं। उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए वाहन चालकों से ज़िम्मेदारी से काम करने और अपनी रोज़ाना की ज़रूरत के हिसाब से ही ईंधन खरीदने का आग्रह किया।
केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री ने लोगों से गलत सूचनाओं से भ्रमित नहीं होने को कहा। उन्हाेंने ज़ोर देते हुए नागरिकों से आग्रह किया कि वे बिना पुष्टि वाली रिपोर्टों को न तो फैलाएं और न ही उन पर विश्वास करें। उन्होंने कहा कि अनुशासित खपत से ईंधन की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित होगी और किसी भी कृत्रिम संकट को रोका जा सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित