हैदराबाद , जनवरी 14 -- तेलंगाना में पुलिस ने एक नामी गिरामी मेहंदी ब्रांड के नकली कोन बनाने और सप्लाई करने वाली एक इकाई का भंडाफोड़ कर मशीनरी और लगभग आठ लाख रुपये का नकली स्टॉक जब्त किया है।
पुलिस ने बुधवार को एक बयान में बताया कि इस मामले में गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान बालापुर की मीनार कॉलोनी के रहने वाले 48 वर्षीय बढ़ई मोहम्मद आसिफ के रूप में हुई है। वह कथित तौर पर विनिर्माण इकाई चला रहा था। इसके साथ गौलीगुडा चमन के रहने वाले 25 वर्षीय थोक विक्रेता दीपक कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने 8,400 नकली मेहंदी कोन, एक फिलिंग मशीन, मिक्सर, हीटिंग स्टोव, वजन मशीन, नकली मिश्रित सामग्री के 10 ड्रम, 100 किलो मेहंदी सूखा पाउडर, ऑक्सालिक एसिड और रंग सहित रसायन, पैकिंग सामग्री, 200 लेबल वाले प्रिंटेड बॉक्स, खाली कोन और दो मोबाइल फोन जब्त किये।
आरोपी मोहम्मद आसिफ शुरू में बिना ब्रांडिंग वाली मेहंदी के कोन बनाता था, लेकिन बाद में अपने उत्पादों की कम मांग और ब्रांडेड कोन की बाजार में अधिक मांग के कारण नकली मेहंदी बनाने लगा। वह कथित तौर पर थोक विक्रेता दीपक कुमार के माध्यम से निजी परिवहन का उपयोग करके हैदराबाद और अन्य शहरों की दुकानों में नकली सामान की सप्लाई करता था। उन्हें असली उत्पाद बताकर ग्राहकों को धोखा देता था और मुनाफा कमाता था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित