हैदराबाद , मई 04 -- तेलंगाना के अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी (एसीईओ) डॉ. वासम वेंकटेश्वर रेड्डी ने सोमवार को चुनाव अधिकारियों के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया की तैयारियों की समीक्षा करते हुए चुनावी मैपिंग में तेजी लाने पर जोर दिया।

समीक्षा बैठक में हैदराबाद, रंगा रेड्डी, संगारेड्डी, मेडचल-मलकाजगिरी, निजामाबाद और खम्मम के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। इस बैठक का मुख्य फोकस एसआईआर की तैयारियों, चुनावी मैपिंग, जनसांख्यिकीय रूप से समान प्रविष्टियों (डीएसई) के निपटारे और फॉर्म 6, 6ए, 7 और 8 के लंबित मामलों को निपटाने पर था।

एसीईओ ने बैठक के दौरान निर्देश दिया कि 2025 की मतदाता सूची में शामिल सभी पात्र मतदाताओं की मैपिंग 2002 की मतदाता सूची के साथ की जाए। बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को निर्देश दिया गया कि वे मतदाताओं का विवरण इकट्ठा करने के लिए घर-घर जाकर सत्यापन करें और मैपिंग की प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित