हैदराबाद , मई 22 -- तेलंगाना में भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस ) के कार्यकारी अध्यक्ष के.टी. रामा राव (केटीआर ) ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने जान-बूझकर नौ दिनों तक पॉक्साे के एक आरोपी को बचाया और पीड़िता तथा उसके परिवार की रक्षा करने में विफल रही।
श्री राव ने शुक्रवार को तेलंगाना भवन में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए दावा किया कि आरोपी को श्री रेड्डी और केंद्रीय मंत्री बंदी संजय कुमार के बीच कथित राजनीतिक मिलीभगत के कारण बचाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस से संपर्क करने के बाद पीड़िता के परिवार को डराया-धमकाया गया और उन पर उल्टा मुकदमा भी दर्ज कर दिया गया। उन्होंने सवाल किया कि आरोपी को तभी क्यों गिरफ्तार किया गया, जब कथित तौर पर तेलंगाना उच्च न्यायालय ने उसे ज़मानत देने से इनकार कर दिया था।
बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री की उस कथित सफाई की आलोचना की, जिसमें उन्होंने कहा था कि पुलिस प्रधानमंत्री की यात्रा की व्यवस्थाओं में व्यस्त थी। उन्होंने इसे एक "बेतुका बहाना" बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले की गंभीरता के बावजूद सरकार ने तुरंत कार्रवाई नहीं की। उन्होंने सवाल किया कि क्या देश में कोई ऐसा दूसरा मामला भी है, जिसमें पॉक्साे का कोई आरोपी इतने लंबे समय तक बिना गिरफ्तार हुए घूमता रहा हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित