हैदराबाद , अक्टूबर 27 -- तेलंगाना कांग्रेस के मीडिया एवं प्रचार विभाग के अध्यक्ष एवं सांसद चमाला किरण कुमार रेड्डी ने मंगलवार को पूर्ववर्ती बीआरएस सरकार पर कालेश्वरम परियोजना के कुप्रबंधन और उसे खस्ताहाल स्थिति में पहुंचाने का आरोप लगाया।

श्री रेड्डी ने एक वीडियो बयान में कालेश्वरम परियोजना को लेकर पूर्व मंत्री एवं भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के नेता टी. हरीश राव की टिप्पणियों पर पलटवार करते हुए कहा कि जब भी कालेश्वरम परियोजना या मेदिगड्डा बैराज की चर्चा होती है, तब श्री राव उत्तेजित हो जाते हैं। उन्होंने मेदिगड्डा, अन्नारम और सुंडिल्ला बैराजों में जलस्तर का उल्लेख करते हुए बीआरएस पर गलत प्रचार करने का आरोप लगाया कि मेदिगड्डा से आंध्र प्रदेश की ओर 20,000 क्यूसेक पानी बह रहा है।

उन्होंने सवाल किया कि जब बीआरएस सरकार के कार्यकाल में बैराज ढह गया था, तो मेदिगड्डा से पानी कैसे छोड़ा जासकात है। उन्होंने आरोप लगाया कि परियोजना की मौजूदा स्थिति पिछली सरकार के कुप्रबंधन का परिणाम है।

श्री रेड्डी ने कहा कि देवदुला और सीताराम लिफ्ट सिंचाई योजनाओं के पंप फिलहाल काम कर रहे हैं, जबकि मेदिगड्डा सेपानी उठाना अब भी संभव नहीं है। पूर्ववर्ती सरकार में सिंचाई मंत्री रहे राव की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने कालेश्वरम को 'कुलेश्वरम' बना दिया है। यह टिप्पणी परियोजना की संरचना को कथित तौर पर हुए नुकसान के संदर्भ में की गयी।

श्री रेड्डी ने मौजूदा स्थिति के लिए बीआरएस को जिम्मेदार ठहराते हुए आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकार की विफलताओं के कारण गोदावरी का पानी उचित उपयोग के बिना बहकर आगे निकल रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित