हैदराबाद , मई 22 -- तेलंगाना राष्ट्र सेना (टीआरएस) प्रमुख एवं पूर्व सांसद के कविता को किसानों की समस्याओं को लेकर तेलंगाना सचिवालय के बाहर आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और बाद में उन्हें फलकनुमा पुलिस थाने ले जाकर रिहा कर दिया गया।
प्रदर्शन के दौरान सुश्री कविता ने राज्य सरकार पर किसानों के प्रति "निर्दयी और उदासीन" रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि धान खरीद में देरी के कारण किसान अपनी फसल के ढेर पर ही दम तोड़ रहे हैं, लेकिन सरकार इस गंभीर संकट पर ध्यान नहीं दे रही। उन्होंने विरोध स्वरूप सड़क पर धान बिखेरकर धरना दिया और सरकार विरोधी नारे लगाए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले ढाई वर्षों में मुख्यमंत्री ने कृषि विभाग की एक भी समीक्षा बैठक नहीं की है। भीषण 48 डिग्री तापमान में किसान खरीद केंद्रों पर बिना किसी मूलभूत सुविधा के परेशान हो रहे हैं।
टीआरएस प्रमुख ने सरकार पर खरीद प्रक्रिया में धांधली का आरोप लगाते हुए कहा कि बोनस देने से बचने के लिए ग्रेड-ए धान को जानबूझकर ग्रेड-बी में दर्ज किया जा रहा है। साथ ही "तरुगु" के नाम पर वजन में कटौती कर किसानों का शोषण किया जा रहा है।
उन्होंने मांग की कि सरकार तुरंत सभी खरीद केंद्र शुरू करे, बिचौलियों पर रोक लगाए तथा धान, ज्वार और सूरजमुखी की पूरी फसल खरीदे। इसके अलावा जिन किसानों की मौत हुई है, उनके परिवारों को तत्काल मुआवजा देने की भी मांग की गई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने तुरंत कृषि संकट पर समीक्षा कर आवश्यक कदम नहीं उठाए तो टीआरएस कल से राज्यभर में उग्र आंदोलन शुरू करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित