हैदराबाद , अक्टूबर 18 -- हैदराबाद के बाहरी इलाके नादरगुल स्थित एमवीएसआर इंजीनियरिंग कॉलेज में शनिवार शाम डांडिया कार्यक्रम के दौरान रोशनी लगाने के लिए बनाया गया ढांचा गिरने से बीटेक की एक छात्रा की मौत हो गयी और करीब 14 अन्य घायल हो गई।

यह घटना शनिवार शाम आयोजित राष्ट्रीय स्तर के कॉलेज महोत्सव 'संगमम-2026' के दौरान हुई। बताया जाता है कि रोशनी लगाने के लिए बनाया गया ढांचा कार्यक्रम में भाग ले रही छात्राओं पर गिर गया। घायल छात्राओं को उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। घायलों में शामिल 18 वर्षीय नारायण दास सोना ने चोटों के कारण दम तोड़ दिया।

पुलिस ने घटना की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि तेज हवाओं और बारिश के साथ ही कार्यक्रम के लिए लगाए गए ढांचों की स्थापना में संभावित लापरवाही के कारण यह दुर्घटना हुई।

तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने छात्रा की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि घायल छात्राओं को सर्वोत्तम संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए पर्याप्त सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित