हैदराबाद , अप्रैल 24 -- तेलंगाना राज्य सड़क परिवहन निगम (टीजीएसआरटीसी) के चालक कोला शंकर गौड़ (55) की शुक्रवार तड़के मौत हो गयी।
श्री गौड़ गुरुवार को आरटीसी हड़ताल के दौरान आत्महत्या का प्रयास किया था। आज तड़के अपोलो डीआरडीओ अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गयी। गौरतलब है कि आरटीसी कर्मचारियों ने गुरुवार को तेलंगाना में कई जगहों पर विरोध प्रदर्शन किया। इसी दौरान नरसंपेट आरटीसी डिपो के चालक शंकर गौड़ ने कथित तौर पर नरसंपेट बस स्टैंड के सामने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। बताया जा रहा है कि उन्होंने आरटीसी के सरकार में विलय में हो रही देरी के विरोध में यह कदम उठाया। उन्हें शुरू में वारंगल के एसजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था और बाद में बेहतर इलाज के लिए हैदराबाद ले जाया गया। गंभीर रूप से जलने के कारण शुक्रवार को लगभग 03:00 बजे इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। डॉक्टरों ने शंकर गौड़ के शव का पोस्टमार्टम किया, जिसके बाद परिवार के सदस्य उनके पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव, खानपुर मंडल के मुथोजिपेट ले गए। उनके परिवार में उनकी पत्नी लता, बेटे हेमंत और बेटी शामिली हैं। परिवहन मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने उनकी मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार शंकर गौड़ के परिवार के साथ खड़ी रहेगी और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने आरटीसी कर्मचारियों से अपील की कि वे चिंता न करें और न ही जल्दबाजी में कोई भी अतिवादी कदम उठाएं। मंत्री ने कहा कि सरकार आरटीसी कर्मचारियों के मुद्दों को हल करने के लिए बातचीत करेगी। उनकी मृत्यु के बाद आरटीसी की संयुक्त कार्य समिति (जेएसी ) ने पूर्व वारंगल जिले में बंद का आह्वान किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित