हैदराबाद , जून 17 -- तेलंगाना मीडिया अकादमी (टीएमए) के अध्यक्ष के. श्रीनिवास रेड्डी ने बुधवार को कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।

नामपल्ली स्थित तेलंगाना मीडिया अकादमी के सभागार में आयोजित एक चेक वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने 'पत्रकार कल्याण कोष' योजना के तहत 21 लाभार्थियों को वित्तीय सहायता सौंपी। इन लाभार्थियों में 17 दिवंगत पत्रकारों के परिवार के सदस्य और गंभीर बीमारियों से पीड़ित चार पत्रकार शामिल थे।

श्री रेड्डी ने कहा कि मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के नेतृत्व में सरकार पत्रकारों के कल्याण को उच्च प्राथमिकता दे रही है और उनकी चिंताओं को दूर करने के लिए कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि इस कल्याणकारी योजना के तहत दिवंगत पत्रकारों के परिवारों को 1 लाख रुपये की एकमुश्त वित्तीय सहायता, पांच वर्षों के लिए 3,000 रुपये की मासिक पेंशन और अधिकतम दो बच्चों के लिए 1,000-1,000 रुपये की मासिक शैक्षणिक सहायता मिलती है।

श्री रेड्डी ने कहा कि सरकार ने अब तक पत्रकार कल्याण कोष के माध्यम से 159 लाभार्थियों को इस तरह के लाभ प्रदान किये हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित