हैदराबाद , सितंबर 03 -- तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव और कई वरिष्ठ नेताओं को गुरुवार को तब गिरफ्तार कर लिया जब वे अनुमति नहीं होने के बावजूद अपनी मांगों के समर्थन में सचिवालय की तरफ मार्च का नेतृत्व कर रहे थे।
श्री राव ने तीन दिन पहले मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी को पत्र लिखकर राज्य भर के छात्रों से एकत्र किये गये इन ज्ञापनों को सौंपने के लिए मुलाकात का समय मांगा था। मुख्यमंत्री की ओर से कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर, उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ सचिवालय की ओर मार्च का नेतृत्व किया। उनके अनुसार वह 15,000 करोड़ रुपये की फीस वापसी के भुगतान की मांग को लेकर आठ लाख से अधिक छात्रों द्वारा हस्ताक्षरित याचिकाएं सौंपने जा रहे थे।
पुलिस ने भाजपा नेताओं को सचिवालय के मुख्य द्वार पर ही रोक दिया, जिसके बाद वे वहीं धरना देकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। इसके बाद पुलिस ने श्री राव को गिरफ्तार कर चिक्कड़पल्ली थाने भेज दिया। गिरफ्तार हुए अन्य नेताओं में प्रदेश महामंत्री गौतम राव, भाजपा विधानमंडल दल के नेता अल्लेटी महेश्वर रेड्डी, एमएलसी मलका कोमरैया, पूर्व सांसद डी. के. अरुणा और प्रदेश सचिव भंडारू विजयालक्ष्मी शामिल हैं।
श्री राव ने अपनी और साथियों की गिरफ्तारी की निंदा करते हुए कांग्रेस सरकार पर छात्र-विरोधी रवैया अपनाने का आरोप लगाया और कहा कि पुलिसिया कार्रवाई से भाजपा को चुप नहीं कराया जा सकता। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक सरकार बकाया शुल्क प्रतिपूर्ति का भुगतान नहीं कर देती, तब तक भाजपा का यह आंदोलन जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित