हैदराबाद , मई 27 -- तेलंगाना भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष एन रामचंद्र राव ने बुधवार को कांग्रेस सरकार पर किसानों की उपेक्षा का आरोप लगाया और बेमौसम बारिश के बाद राज्य भर के किसानों को हो रही कठिनाइयों के लिए उसकी 'किसान विरोधी नीतियों' को जिम्मेदार ठहराया। हैदराबाद स्थित भाजपा राज्य कार्यालय में पूर्व भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) अधिकारी ए सुधाकर रेड्डी और हुजूरनगर क्षेत्र के कई नेताओं को पार्टी में शामिल किये जाने के अवसर पर श्री राव ने आरोप लगाया कि खरीद केंद्रों और आईकेपी केंद्रों में भंडारित फसल बारिश के कारण खराब हो गयी है। उन्होंने पर्याप्त तिरपाल, गोदाम सुविधाओं और उचित खरीद व्यवस्था प्रदान करने में सरकार की विफलता की आलोचना की।
उन्होंने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से किसानों से 'एक-एक दाना' खरीदने के पूर्व आश्वासनों के बावजूद खरीद में देरी पर सवाल उठाया।
श्री राव ने मांग की कि राज्य सरकार जिला कलेक्टरों और कृषि अधिकारियों की विशेष टीमें गठित करे, ताकि फसल के नुकसान का आकलन किया जा सके और आम उत्पादकों और बागवानी किसानों सहित प्रभावित किसानों को मुआवजा दिया जा सके।
भाजपा नेता ने कहा कि किसानों के मुद्दों को उजागर करने और किसान समुदाय को समर्थन देने के लिए पार्टी की 'रायथु गोसा-भाजपा भरोसा' यात्रा राज्य भर में जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित