हैदराबाद , सितंबर 01 -- तेलंगाना के नलगोंडा जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के तनाव के बीच पुलिस ने मंगलवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव को यहां तारनाका स्थित उनके आवास पर नजरबंद कर दिया।

पुलिस ने बताया कि श्री राव के भाजपा नलगोंडा जिला अध्यक्ष नागम वशित रेड्डी के आवास पर जाने की घोषणा के बाद उन्हें नजरबंद किया गया।

भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़पों के बाद सोमवार को नलगोंडा में तनाव बना रहा। भाजपा कार्यकर्ताओं ने तेलंगाना के मंत्री कोमातीरेड्डी वेंकट रेड्डी के कार्यालय पर अंडे फेंके, जबकि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के नलगोंडा जिला अध्यक्ष रेड्डी के आवास पर हमला किया।

अपनी नजरबंदी पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए श्री राव ने सोशल मीडिया 'एक्स' पर आरोप लगाया, "तेलंगाना में लोकतंत्र पर हमला हो रहा है। कांग्रेस सरकार ने एक हफ्ते के भीतर उन्हें दो बार नजरबंद किया है। पहली बार प्रदर्शनकारी छात्रों से मिलने से रोकने के लिए और अब नलगोंडा भाजपा जिला अध्यक्ष से मिलने से रोकने के लिए, जिनके आवास पर उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया।

उन्होंने आरोप लगाया, "तेलंगाना में लोकतंत्र को व्यवस्थित तरीके से कुचला जा रहा है।"प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कांग्रेस पर 'एक हाथ में संविधान लहराने और सत्ता में रहने पर उसे कुचलने' का आरोप भी लगाया और कहा कि तेलंगाना में भी यही प्रवृत्ति देखी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित