खम्मम , मार्च 01 -- तेलंगाना में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एन रामचंद्र राव ने खम्मम शहरी क्षेत्र के वेलुगुमातला में गरीब परिवारों के घरों को तोड़े जाने की कड़ी निंदा करते हुए इस कार्रवाई को अमानवीय एवं जनविरोधी करार दिया है।
उन्होंने रविवार को यहां मीडिया से बात करते हुए कहा कि लगभग 600 गरीब परिवारों के 1,800 लोग 2013-14 से खम्मम कलेक्ट्रेट के पास सर्वेक्षण संख्या 147, 148 और 149 वाली भूदान भूमि पर रहकर जीवन यापन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इन परिवारों में अधिकतर दिहाड़ी मजदूर और कुली हैं और अपनी कमाई से घर बनाकर इलाके में अपने बच्चों को पढ़ा रहे थे। उन्होंने कहा कि अदालतों ने पहले यथास्थिति बनाए रखने और स्थगन आदेश जारी किए थे, जिनमें अधिकारियों को निवासियों को बेदखल या परेशान न करने का स्पष्ट निर्देश दिया गया था।
श्री राव ने आरोप लगाया कि इसके बावजूद राज्य सरकार ने भूमि आवंटन में अनियमितताओं का हवाला देते हुए उनके घरों को तोड़ दिया जो अन्यायपूर्ण एवं अमानवीय है। उन्होंने मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर कानूनी प्रक्रियाओं एवं अदालती आदेशों की अनदेखी करते हुए गरीबों को निशाना बनाने का आरोप लगाया।
इसी बीच, भाजपा नेताओं ने घटनास्थल पर अन्नदान कार्यक्रम आयोजित किया और प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत प्रदान की। श्री राव ने कहा कि गरीबों के साथ खड़ा रहना और उनके अधिकारों के लिए लड़ना पार्टी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने मांग करते हुए कहा कि सरकार तुरंत बेदखली को रोके और विस्थापित परिवारों को कम से कम इंदिराम्मा घरों जैसी आवास योजनाओं के अंतर्गत स्थायी आवास प्रदान करे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित