हैदराबाद , अगस्त 18 -- तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं एमएलसी महेश कुमार गौड़ ने मंगलवार को आरोप लगाया कि राज्य की मतदाता सूची से बड़ी संख्या में योग्य मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे हैं।
गांधी भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए श्री गौड़ ने भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया और कहा कि तेलंगाना में भी बिहार और पश्चिम बंगाल की तरह मतदाता सूची से नाम हटाये जा रहे हैं। उन्होंने चुनाव आयोग से मांग की कि वह सुधार प्रक्रिया पूरी करने और हर योग्य नागरिक के मतदान देने के अधिकार की रक्षा के लिए और समय दे। उन्होंने दावा किया कि राज्य के 3.38 करोड़ मतदाताओं में से 73 लाख से ज़्यादा नाम हटा दिये गये हैं, जबकि लगभग 92 लाख मतों की जांच चल रही है या उन्हें संदिग्ध माना गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि 32.37 लाख मतों को "ऑन-मैपिंग" के लिए चिह्नित किया गया था और 60 लाख से ज़्यादा मतों को संदिग्ध माना गया। उन्होंने बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) द्वारा लगभग 35,000 मतों के लिए जारी की गयी रसीदों और चुनाव आयोग द्वारा बताये गये 13,100 के आंकड़ों के बीच अंतर पर भी सवाल उठाये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित