हैदराबाद , फरवरी 15 -- तेलंगाना पुलिस ने रविवार को भूमिगत भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) नेताओं और कैडरों से समाज की मुख्यधारा में लौटकर शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जीने की अपील दोहराई।

पुलिस ने मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी की अपील को दोहराते हुए कहा है कि पिछले दो वर्षों में विभिन्न स्तरों के 588 माओवादी नेता और कैडर आत्मसमर्पण कर सामान्य जीवन में लौट चुके हैं। इन सभी ने राज्य सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति का लाभ उठाया है और अब अपने परिवारों के साथ अपने-अपने गांवों में सुरक्षित जीवन बिता रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, पुनर्वास नीति के सकारात्मक प्रभाव के चलते अन्य राज्यों के भूमिगत माओवादी भी तेलंगाना पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर समाज में पुनः शामिल हो रहे हैं, जो सरकार की पहल की विश्वसनीयता और संवेदनशीलता को दर्शाता है।

इस संदर्भ में पुलिस महानिदेशक बी शिवधर रेड्डी ने शेष बचे तेलंगाना के 15 भूमिगत माओवादी कैडरों सहित सभी शीर्ष नेताओं से आगे आकर शांतिपूर्ण भविष्य चुनने की अपील की। उन्होंने आश्वासन दिया कि आत्मसमर्पण करने वालों को तत्काल सहायता और सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास योजना के तहत सभी लाभ प्रदान किए जाएंगे।

तेलंगाना पुलिस ने कहा कि सरकार आत्मसमर्पण करने वाले कैडरों के पुनर्वास के लिए व्यापक सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि वे अपने परिवारों के साथ गांव या शहर में स्वतंत्र, सम्मानजनक और सुरक्षित जीवन जी सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित