हैरदाबाद , मार्च 04 -- तेलंगाना पिछड़ा वर्ग आयोग ने केंद्र सरकार से आगामी जनगणना से पहले राज्य की 40 अतिरिक्त जातियों को केंद्रीय पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) सूची में शामिल करने का आग्रह किया है।

आयोग ने बुधवार को यहाँ जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि तेलंगाना में जनगणना का 'हाउस-लिस्टिंग' चरण 11 मई से नौ जून 2026 तक आयोजित किया जाएगा, जिसके बाद नौ फरवरी से 28 फरवरी 2027 तक जनगणना की जाएगी।

आयोग ने उल्लेख किया कि जहाँ तेलंगाना में 130 जातियों को पिछड़ा वर्ग के रूप में मान्यता प्राप्त है, वहीं केंद्र सरकार की ओबीसी सूची में वर्तमान में केवल 90 जातियाँ ही शामिल हैं। आयोग ने चिंता व्यक्त की कि शेष 40 जातियों के बाहर रहने से जनगणना के दौरान राज्य में वास्तविक पिछड़ा वर्ग (बीसी) जनसंख्या की कम रिपोर्टिंग हो सकती है।

आयोग ने कहा कि राज्य सरकार और आयोग दोनों ने पहले भी केंद्र से शेष 40 जातियों को केंद्रीय ओबीसी सूची में शामिल करने का अनुरोध किया था, लेकिन अब तक इस पर कोई निर्णय नहीं लिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित