हैदराबाद/नयी दिल्ली , अप्रैल 18 -- तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने शनिवार को केंद्र सरकार से बय्याराम में एक ग्रीनफील्ड स्टील प्लांट स्थापित करने का आग्रह करते हुए इस बात पर बल दिया कि इससे एक ओर जहां औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा, वहीं दूसरी ओर पर्यावरण संबंधी चिंताओं का भी समाधान होगा।
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय राजधानी में केंद्रीय इस्पात और भारी उद्योग मंत्री एचडी कुमारस्वामी और इस्पात राज्य मंत्री भूपति श्रीनिवास वर्मा से मुलाकात करते हुए तेलंगाना में औद्योगिक विकास से जुड़े कई प्रस्तावों पर चर्चा की।
श्री रेड्डी ने बय्याराम में एक 'ग्रीन स्टील प्लांट' की जरूरत पर बल देते हुए कहा कि इससे स्टील की कमी पूरी होगी, साथ ही पर्यावरण के अनुकूल उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने 'तेलंगाना राइजिंग-2047' विजन के तहत राज्य के व्यापक औद्योगिक रोडमैप की रूपरेखा भी प्रस्तुत की।
मुख्यमंत्री ने केंद्र से तेलंगाना में एक स्टील रीसाइक्लिंग उद्योग स्थापित करने में सहयोग देने का अनुरोध किया, जिसमें पुराने वाहनों से निकलने वाले स्क्रैप का उपयोग किया जाएगा।
उन्होंने हैदराबाद के एक प्रमुख औद्योगिक केंद्र के रूप में उभरने की क्षमता पर भी प्रकाश डाला और इसके लिए वहां मौजूद बुनियादी ढांचे, प्रौद्योगिकी और अनुकूल परिस्थितियों का हवाला दिया।
श्री रेड्डी ने इसके अलावा इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) की बढ़ती मांग को देखते हुए हैदराबाद में एक इलेक्ट्रिक वाहन बैटरी निर्माण केंद्र स्थापित करने के लिए भी सहयोग मांगा।
उन्होंने हाइड्रोजन तकनीक का उपयोग करके एक ग्रीन स्टील क्लस्टर विकसित करने और ऑटोमोबाइल व रक्षा क्षेत्रों की जरूरतों को पूरा करने वाली निर्माण इकाइयों के विस्तार का प्रस्ताव भी रखा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित