हैदराबाद , अक्टूबर 06 -- राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) की हैदराबाद क्षेत्रीय इकाई ने चेन्नई बंदरगाह पर लगभग 12 करोड़ रुपये मूल्य के चीनी पटाखे जब्त किए हैं। इन पटाखों को स्टेशनरी और अन्य सामान बताकर अवैध रूप से आयात किया जा रहा था।

एजेंसी की मंगलवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, सटीक खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए डीआरआई अधिकारियों ने बंदरगाह पर संदिग्ध कंटेनरों की समन्वित जांच की। इस दौरान घोषित सामान गत्ते के डिब्बों के पीछे छिपाकर रखी गई चीनी आतिशबाजी और पटाखों की बड़ी खेप बरामद की गई।

डीआरआई ने बताया कि इस खेप को स्टेशनरी सामान, मेडिकल ग्लव्स, प्लास्टिक क्लिप, हेयर बैंड, आलमारी, जूते की रैक और अन्य वस्तुओं के रूप में गलत तरीके से घोषित किया गया था।

विदेशी व्यापार नीति के तहत पटाखों और आतिशबाजी का आयात प्रतिबंधित है। इसके लिए विस्फोटक नियम, 2008 के तहत विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) और पेट्रोलियम तथा विस्फोटक सुरक्षा संगठन (पेसो) से वैध अनुमति की आवश्यकता होती है।

यह खेप बिना आवश्यक लाइसेंस के मंगवाई गई थी और इसमें गलत घोषणा तथा माल छिपाने का मामला शामिल था, इसलिए सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के प्रावधानों के तहत इन पटाखों को जब्त कर लिया गया।

डीआरआई ने कहा कि यह जब्ती खुफिया-आधारित और समन्वित अभियानों के माध्यम से प्रतिबंधित तथा वर्जित वस्तुओं की तस्करी से निपटने के उसके निरंतर प्रयासों को दर्शाती है।

एजेंसी के अनुसार ऐसे अभियानों का उद्देश्य संगठित तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त करना तथा सार्वजनिक सुरक्षा और राष्ट्रीय आर्थिक हितों की रक्षा करना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित