हैदराबाद , मार्च 27 -- तेलंगाना जागृति की अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद कलवकुंटला कविता 25 अप्रैल को नयी राजनीतिक पार्टी की घोषणा करेंगी।

पार्टी की घोषणा पूर्वाह्न 10:00 बजे मेडचल के अद्वय कन्वेंशन में एक भव्य उद्घाटन बैठक के दौरान की जायेगी, जहां नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं के भारी संख्या में जुटने की उम्मीद है। शुक्रवार को निजामाबादमें श्री राम नवमी के अवसर पर 'श्री सीता रामुला कल्याणोत्सवम' में भाग लेने के बाद संवाददाताओं से बातकरते हुए कविता ने कहा कि इस कार्यक्रम में पार्टी के नाम, प्रतीक और एजेंडे का अनावरण किया जायेगा।

बीआरएस प्रमुख एवं तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव (केसीआर) की पुत्री कविता ने स्पष्ट कियाकि पार्टी का एजेंडा पूरी तरह से तेलंगाना की जनता पर केंद्रित होगा।

उन्होंने कहा, " हमारा ध्यान 95 प्रतिशत तेलंगाना के मुद्दों पर और केवल पांच प्रतिशत राष्ट्रीय स्तर के मामलोंपर होगा।" कविता ने इस बात पर जोर दिया कि प्रस्तावित पार्टी स्वतंत्र रहेगी और किसी भी अन्य राजनीतिक गठबंधन के साथ नहीं जुड़ेगी।

उन्होंने दृढ़ता के साथ कहा, " इससे कोई समझौता नहीं किया जायेगा।" उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं से आग्रह किया कि कार्यवाही सुचारु रूप से चलाने के लिए वे सुबह 8:00 बजे तक आयोजन स्थल पर पहुंच जायें।

कविता ने तेलंगाना आंदोलन से जुड़े नेताओं सहित समान विचारधारा वाले व्यक्तियों को भी इस उद्घाटनबैठक में शामिल होने का निमंत्रण दिया है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि नयी पार्टी की शुरुआत राज्य में बदलते राजनीतिक समीकरणों को प्रभावित कर सकती है, जिसकी विस्तृत जानकारी कार्यक्रम के दौरान सामने आने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित