हैदराबाद , अप्रैल 28 -- चोरी हुए और गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद करने में तेलंगाना देश का शीर्ष प्रदर्शन करने वाला राज्य बनकर उभरा है, जहाँ कुल एक लाख,24 हजार, 850 मोबाइलों का पता लगाकर उन्हें उनके मालिकों को वापस सौंपा गया है।
अपराध अन्वेषण विभाग (सीआईडी) की महानिदेशक (डीजी) चारू सिन्हा के अनुसार, मोबाइल चोरी और नकली उपकरणों पर अंकुश लगाने के लिए दूरसंचार विभाग द्वारा विकसित सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर ( सीईआर) पोर्टल को राज्य के सभी 780 पुलिस स्टेशनों में लागू किया जा रहा है, जिसमें सीआईडी तेलंगाना की नोडल एजेंसी के रूप में कार्य कर रही है।
सुश्री सिन्हा ने बताया कि 20 अप्रैल, 2023 से 26 अप्रैल, 2026 तक की अवधि के आंकड़ों के अनुसार, 4.82 लाख से अधिक उपकरणों को ब्लॉक किया गया, जबकि 2.82 लाख से अधिक ट्रेसेबिलिटी रिपोर्ट तैयार की गईं। इनमें से 1,24,850 मोबाइल फोन का सफलतापूर्वक पता लगा लिया गया, जो रिकवरी के मामले में एक राष्ट्रीय बेंचमार्क स्थापित करता है।
डीजी ने कहा कि कर्नाटक, महाराष्ट्र, दिल्ली और पूर्वोत्तर राज्यों जैसे राज्यों की तुलना में सीईआईआर पोर्टल देर से लॉन्च करने के बावजूद तेलंगाना ने यह उपलब्धि हासिल की है।
इस पहल की सफलता में पुलिस कर्मियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम, जन जागरूकता अभियान और एक समर्पित तकनीकी टीम का गठन सहित कई उपायों ने योगदान दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित