तिरुवनंतपुरम , नवंबर 04 -- केरलम के इडुक्की के सेनापति स्थित 'मार बेसेलियोस वोकेशनल हायर सेकेंडरी स्कूल' के छात्रों सहित 91 सदस्यीय एक अध्ययन दल बुधवार तड़के तेलंगाना से केरलम अपनी वापसी यात्रा पर रवाना हुआ। वह चक्रवात 'मुरासु' के कारण ट्रेनें रद्द होने के कारण तेलंगाना के सिकंदराबाद में फंस गया था।
चार नवंबर को सुबह पांच बजे यह टीम सिकंदराबाद से तिरुवनंतपुरम के लिए एक विशेष ट्रेन में सवार हुई। यह समूह एक शैक्षिक दौरे के हिस्से के रूप में 31 अक्टूबर को ट्रेन से सिकंदराबाद के लिए रवाना हुआ था और तीन नवंबर को दोपहर 2:30 बजे ट्रेन से वापस लौटने वाला था। हालांकि रेलवे स्टेशन पहुंचने पर उन्हें पता चला कि 'मुरासु' चक्रवात के कारण ट्रेन सेवाएं रद्द कर दी गई हैं।
इसके बाद समूह ने मदद के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय और उडुंबनचोला के विधायक सेनापति वेणु से संपर्क किया। मुख्यमंत्री कार्यालय के निर्देशों पर, 'नोर्का रूट्स' के माध्यम से समूह की वापसी यात्रा और उनके अस्थायी ठहरने की व्यवस्था की गई।
बेंगलुरु और चेन्नई में 'नोर्का रूट्स' के एनआरआई विकास अधिकारियों ने तेलंगाना में मलयाली संघों के साथ समन्वय किया, ताकि वहाँ फंसे लोगों के लिए जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित की जा सकें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित