हैदराबाद , जुलाई 17 -- तेलंगाना खाद्य सुरक्षा विभाग ने घटिया दर्जे के घी के निर्माण और बिक्री को रोकने के लिए 14 और 15 जुलाई को चलाये गये प्रदेशव्यापी विशेष प्रवर्तन अभियान में 850 किलोग्राम संदिग्ध मिलावटी घी जब्त किया है।
खाद्य सुरक्षा आयुक्त डॉ. संगीता सत्यनारायण ने शुक्रवार को जानकारी दी कि घी में ताड़ का तेल और वनस्पति मिलाये जाने की पुख्ता जानकारी मिलने पर उनके विभाग के अधिकारियों ने पुलिस के साथ मिलकर प्रदेश भर में जांच की। शुरुआती जांच से पता चला है कि कुछ लाइसेंस प्राप्त फैक्ट्रियों में बनने वाले घी में बाहरी वसा मिलायी जा रही थी। कई दुकानें बिना जरूरी लाइसेंस या पंजीकरण के ही चलती हुई पायी गयीं। अकेले हैदराबाद में अधिकारियों ने 14 दुकानों/फैक्ट्रियों की जांच की, घी के 15 सैंपल लिये, खाने के लिए असुरक्षित पाए गये 60 किलोग्राम घी को नष्ट कर दिया और प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट आने तक 850 किलोग्राम संदिग्ध मिलावटी घी को जब्त कर लिया।
उन्होंने बताया कि पूरे राज्य में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने 65 प्रतिष्ठानों की जांच की, टेस्टिंग के लिए घी के 91 सैंपल इकट्ठे किये और नियमों के उल्लंघन के लिए पांच प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किये गये। प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने उपभोक्ताओं को सलाह दी है कि वे केवल लाइसेंस प्राप्त और भरोसेमंद दुकानों से ही घी खरीदें, एफएसएसएआई लाइसेंस नंबर और उत्पाद के लेबल की जांच करें, खरीद का बिल अपने पास रखें और मिलावटी या बिना लाइसेंस वाले खाद्य पदार्थों की किसी भी संदिग्ध बिक्री की शिकायत खाद्य सुरक्षा विभाग से करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित