हैदराबाद , सितंबर 16 -- तेलंगाना के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद अज़हरुद्दीन ने बुधवार को विधानसभा में सूचित किया कि सरकार अल्पसंख्यक छात्रों को प्रशिक्षण और करियर मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए हर जिले में अल्पसंख्यक अध्ययन केंद्र स्थापित करेगी।
प्रश्नकाल के दौरान सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि 2015 में हैदराबाद में एक अल्पसंख्यक अध्ययन केंद्र और करियर परामर्श केंद्र स्थापित किया गया था तथा आदिलाबाद, करीमनगर, हनुमाकोंडा, महबूबनगर, खम्मम, नलगोंडा, निजामाबाद और संगारेड्डी में आठ और केंद्र प्रस्तावित थे।
उन्होंने कहा कि हैदराबाद केंद्र हाल ही में निजी परिसर से आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक नये सरकारी भवन में स्थानांतरित हो गया है, जहां आवासीय सुविधा भी विकसित की जा रही है।
श्री अजहरुद्दीन ने कहा कि सरकार ने 2026-27 वित्तीय वर्ष के लिए चार करोड़ रुपये आवंटित किये हैं, जिसे जिला स्तरीय अध्ययन केंद्र स्थापित होने पर बढ़ाया जायेगा।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में हैदराबाद केंद्र में 776 छात्र नामांकित हैं, जिनमें आईईएलटीएस के लिए 153, यूपीएससी सिविल सेवा के लिए 100, एईई के लिए 16, बुनियादी पाठ्यक्रम के लिए 20, पुलिस कांस्टेबल के लिए 310 और उप निरीक्षक कोचिंग के लिए 177 छात्र शामिल हैं।
मंत्री ने कहा कि जिलों में केंद्र स्थापित होने से विशेष रूप से छात्राओं को लाभ होगा, जिनके माता-पिता अक्सर उन्हें कोचिंग के लिए हैदराबाद भेजने में संकोच करते हैं। उन्होंने सदन को आश्वासन दिया कि प्रस्तावित केंद्रों को जल्द से जल्द शुरू किया जायेगा।
कागजनगर के संबंध में दिये गये एक सुझाव का जवाब देते हुए श्री अजहरुद्दीन ने कहा कि जल्द ही नियमित कर्मचारियों की नियुक्ति की जायेगी और उन्होंने आश्वासन दिया कि वे आवश्यकताओं का आकलन करने और उचित कार्रवाई करने के लिए चुनाव क्षेत्र का दौरा करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित