हैदराबाद , मार्च 26 -- तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने गुरुवार को कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) निधि का एक बड़ा हिस्सा राज्य के भीतर उपयोग किया जाना सुनिश्चित किये जाने पर यह कहते हुए जोर दिया कि राज्य में काम करने वाली कंपनियां अपनी निधि कहीं और क्यों खर्च कर रही हैं।

श्री रेड्डी ने विधान परिषद सम्मेलन कक्ष में आयोजित सीएसआर निधि की समीक्षा बैठक में अपने संबोधन में राज्य में अब तक सीएसआर निधि के अपर्याप्त प्रवाह पर चिंता व्यक्त की और सुधारात्मक उपायों का आह्वान किया।उन्होंने सवाल किया कि कंपनियां और उद्योग तेलंगाना में अपना व्यावसायिक परिचालन स्थापित करने के बाद अपनी सीएसआर निधि कहीं और कैसे खर्च कर सकते हैं? उन्होंने राज्य के भीतर सीएसआर निवेश को बनाए रखने के लिए एक व्यवस्थित दृष्टिकोण की आवश्यकता पर बल दिया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को ऐसे तंत्र खोजने का निर्देश दिया जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि तेलंगाना में काम करने वाले संगठन अपनी सीएसआर निधि का कम से कम 50 प्रतिशत हिस्सा स्थानीय स्तर पर खर्च करें। उन्होंने सीएसआर गतिविधियों पर नज़र रखने और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए एक समर्पित वेबसाइट बनाने का भी आह्वान किया।

श्री रेड्डी ने अधिकारियों को सीएसआर से संबंधित पहलों की देखरेख के लिए एक विशेष निगरानी तंत्र और एक समर्पित कार्यालय स्थापित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सीएसआर निधि के उपयोग में सुधार के लिए अन्य राज्यों द्वारा अपनाई गई नीतियों और सर्वोत्तम प्रथाओं का अध्ययन करने का भी सुझाव दिया।

मुख्यमंत्री ने इसके अलावा अधिक भागीदारी को प्रोत्साहित करने के तरीके के रूप में उन कंपनियों की पहचान करने और उन्हें सम्मानित करने का प्रस्ताव रखा, जिन्होंने तेलंगाना के भीतर महत्वपूर्ण सीएसआर योगदान दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित