हैदराबाद , मई 02 -- तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने शनिवार को आश्वासन दिया कि प्रदेश में पूर्व सैनिकों के कल्याण से जुड़ी चिंताओं को उचित कार्रवाई के लिए सरकार के समक्ष उठाया जाएगा।

तेलंगाना प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ का एक प्रतिनिधिमंडल ने राजभवन में राज्यपाल से मुलाकात की और एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें राज्य में पूर्व सैनिकों (ईएसएम) को प्रभावित करने वाले कई प्रमुख मुद्दों पर प्रकाश डाला गया था। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व प्रकोष्ठ के संयोजक लेफ्टिनेंट कर्नल (सेवानिवृत्त) सुनकारा श्रीनिवास राव ने किया। उनके साथ सह-संयोजक सूबेदार मेजर (सेवानिवृत्त) राजेंद्र सिंह और अन्य प्रतिनिधि भी थे।

बैठक में प्रतिनिधिमंडल ने शहीदों और वीरता पुरस्कार विजेताओं के परिवारों को अनुग्रह राशि के भुगतान में देरी, पूर्व सैनिकों के लिए रोजगार सृजित करने के लिए एक सैनिक निगम की आवश्यकता, और सशस्त्र सेना झंडा दिवस कोष के कथित अनुचित उपयोग को लेकर चिंताएं व्यक्त कीं। इसके साथ ही एलबी नगर/कंचनबाग इलाके में एक पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजनाई (सीएचएस) पॉलीक्लिनिक खोलने की मांग की गयी। विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) के बीच वेतन में असमानताओं का मुद्दा उठाया, और भर्ती में पूर्व सैनिकों के लिए योग्यता अंक से जुड़े उच्च न्यायालय के आदेशों को लागू करने की अपील की।

अन्य मांगों में, प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व सैनिक बैंक कर्मचारियों की तैनाती उनके गृह नगरों के करीब करने, बैंकों में पूर्व सैनिकों को स्थायी सुरक्षा कर्मियों के तौर पर नियुक्त करने, और क्षेत्रीय सैनिक कल्याण अधिकारी के पदों पर योग्य पूर्व सैनिकों को प्राथमिकता देने का अनुरोध किया। उन्होंने जिला कलेक्टरों के अधीन जिला-स्तरीय पूर्व सैनिक समितियां बनाने और शहीदों को सम्मान देने के लिए तेलंगाना के हर जिले में युद्ध स्मारक बनाने की भी मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित