हैदराबाद , मार्च 15 -- तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी रविवार को राज्य सरकार द्वारा आयोजित दावत-ए-इफ्तार कार्यक्रम में शामिल हुए और समाज के सभी वर्गों के बीच एकता, भाईचारे और सांप्रदायिक सद्भाव की अपील की।
श्री रेवंत रेड्डी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि रमज़ान सिर्फ़ एक त्योहार नहीं है, बल्कि आत्मिक शुद्धि और आत्मचिंतन का समय है। उन्होंने खुशी जताई कि राज्य सरकार ने अलग-अलग समुदायों के लोगों को एक साथ लाने के लिए इफ्तार दावत का आयोजन किया।
उन्होंने कहा कि सरकार मुस्लिम समुदाय की भलाई और विकास को सबसे ज़्यादा प्राथमिकता देती है। उन्होंने बताया कि पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद अज़हरुद्दीन को मंत्री बनाया गया है, जबकि वरिष्ठ नेता मोहम्मद शब्बीर अली को सरकारी सलाहकार की भूमिका दी गई है।
उन्होंने यह भी कहा कि आठ अल्पसंख्यक नेताओं को अलग-अलग निगमों में पदों पर नियुक्त किया गया है।
उन्होंने अल्पसंख्यक समुदाय के प्रतिभाशाली लोगों को सरकार की तरफ से बढ़ावा दिए जाने के बारे में बताते हुए कहा कि क्रिकेटर मोहम्मद सिराज को पुलिस उपायुक्त (डीएसपी) का पद की पेशकश की गयी है, जबकि मुक्केबाज निकहत ज़रीन को उनकी उपलब्धियों के लिए दो करोड़ रुपये का इनाम दिया गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार अलग-अलग कल्याणकारी पहलों और विकास कार्यक्रमों में अल्पसंख्यकों के लिए एक बड़ा हिस्सा सुनिश्चित कर रही है।
उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री वाई एस राजशेखर रेड्डी के कार्यकाल में अल्पसंख्यकों के लिए शुरू किए गए चार प्रतिशत आरक्षण का ज़िक्र करते हुए कहा कि इस नीति से कई लोगों को शिक्षा और रोज़गार के मौके मिले हैं।
श्री रेवंत रेड्डी ने कहा कि मौजूदा सरकार लोगों की है और उन्होंने खुद को सभी समुदाय का भाई बताया, साथ ही कहा कि सरकार जनता का आशीर्वाद और समर्थन चाहती है।
उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि कुछ लोग धार्मिक समुदाय के बीच फूट डालने की कोशिश कर रहे हैं और लोगों से तेलंगाना की लगातार तरक्की और विकास सुनिश्चित करने के लिए एकजुट रहने की अपील की।
कार्यक्रम में एआईएमआईएम के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी, मंत्री मोहम्मद अज़हरुद्दीन, सरकारी सलाहकार मोहम्मद शब्बीर अली और कई दूसरे नेता उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित