हैदराबाद , अप्रैल 09 -- तेलंगाना के सिंचाई और नागरिक आपूर्ति मंत्री एन. उत्तम कुमार रेड्डी ने केंद्र सरकार से धान के उत्पादन में भारी बढ़ोतरी को देखते हुए खरीद के लक्ष्य को बढ़ाने और डिलीवरी की समय-सीमा के विस्तार की अपील की।
श्री उत्तम कुमार ने केंद्रीय खाद्य मंत्री प्रह्लाद जोशी को लिखे एक पत्र में तेलंगाना में धान के बढ़ते उत्पादन और केंद्र द्वारा खरीद के लिए आवंटित कोटे में की गई कटौती के बीच के असंतुलन को दूर करने के लिए तीन तत्काल उपायों की मांग की।
उन्होंने अनुरोध किया कि भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के कच्चे चावल के लक्ष्य में कटौती करके रबी 2024-25 के लिए 5 लाख मीट्रिक टन (एलएमटी) उबले चावल के लक्ष्य को फिर से आवंटित किया जाए। उन्होंने बताया कि अभी भी 8.45 एलएमटी चावल की डिलीवरी बाकी है और 28 फरवरी की समय-सीमा भी समाप्त हो चुकी है।
मंत्री ने डिलीवरी के लिए 60 दिनों का विस्तार मांगा। उन्होंने कहा कि तेलंगाना का धान अपनी बेहतरीन गुणवत्ता और कम नमी के कारण उबले चावल में बदलने के लिए बहुत उपयुक्त है और मिल मालिकों ने केवल पांच प्रतिशत टूटे हुए दानों वाला चावल आपूर्ति करने पर सहमति जताई है।
उन्होंने राज्य के बढ़ते उत्पादन के अनुरूप पूरे केएमएस 2025-26 (खरीफ और रबी दोनों मौसमों को मिलाकर) के लिए उबले चावल के लक्ष्य को 20 एलएमटी तक बढ़ाने की भी मांग की।
इसके अलावा श्री उत्तम कुमार ने रबी 2024-25 की डिलीवरी के लिए दो महीने का और विस्तार देने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने इसका कारण खरीफ धान के स्टॉक का भौतिक सत्यापन लंबित होना और अतिरिक्त प्रसंस्करण समय की आवश्यकता बताया।
मंत्री ने कहा कि दिसंबर 2023 से बेहतर सिंचाई व्यवस्था और किसान-हितैषी नीतियों के कारण तेलंगाना में धान के उत्पादन में तेजी से बढ़ोतरी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित