हैदराबाद , जुलाई 03 -- तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री भट्टी विक्रमार्क मल्लू ने शुक्रवार को पूर्ववर्ती भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) सरकार पर राज्य पर 8.21 लाख करोड़ रुपये का बोझ डालने का आरोप लगाया।
श्री भट्टी ने सचिवालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए बीआरएस के केटी रामा राव और टी. हरीश राव पर 'गोयबल्स-शैली' का गलत सूचना अभियान चलाने का आरोप लगाया, ताकि कांग्रेस सरकार को विरासत में मिले कर्ज की असलियत छिपायी जा सके। उन्होंने मौजूदा सरकार द्वारा पिछले ढाई वर्षों में मूलधन और ब्याज सहित 2.08 लाख करोड़ रुपये का भुगतान करने की बात कही। उन्होंने साथ ही कल्याणकारी योजनाओं को जारी रखते हुए और अधिक ब्याज वाले कर्जों में सुधार लाने, 2031-32 तक भुगतान का बोझ 34,058 करोड़ रुपये से घटाकर 11,915 करोड़ रुपये करने की बात कही।
उपमुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि पिछली सरकार सिंगरेनी कोलियरीज और तापीय ऊर्जा परियोजनाओं के लिए नये कोयला ब्लॉक हासिल करने में नाकाम रही, जिससे सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी को नुकसान हुआ और निजी कंपनियों को फायदा पहुंचा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित