हैदराबाद , अक्टूबर 13 -- तेलंगाना के अधिवक्ताओं ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की न्यायपालिका पर की गई टिप्पणी की निंदा की है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तेलंगाना के अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव ने इस प्रदर्शन में हिस्सा लिया, जहां अधिवक्ताओं ने श्री गांधी के खिलाफ नारे लगाए और लोकतंत्र तथा न्यायपालिका की सुरक्षा की मांग की। श्री राव ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता न्यायपालिका को डराने और कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) को राजनीतिक ज्ञापन सौंपने के औचित्य पर भी सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि किसी भी शिकायत का समाधान उचित कानूनी प्रक्रियाओं के माध्यम से किया जाना चाहिए। श्री राव ने जोर देकर कहा कि कानूनी समुदाय न्यायिक स्वतंत्रता की रक्षा में सीजेआई के साथ खड़ा है। उन्होंने कांग्रेस पर संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता को कमजोर करने और विरोध-प्रदर्शनों एवं सार्वजनिक आरोपों के माध्यम से न्यायपालिका में जनता के विश्वास को कम करने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित