हैदराबाद , अगस्त 07 -- तेलंगाना के कृषि, सहकारिता, विपणन और हथकरघा एवं कपड़ा मंत्री टी. नागेश्वर राव ने शुक्रवार को कहा कि राज्य सरकार किसानों और हथकरघा बुनकरों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का विशेष ध्यान कल्याणकारी उपायों, आधुनिकीकरण एवं बेहतर बाजार सहायता के माध्यम से हथकरघा क्षेत्र को पुनर्जीवित करने पर है।

नेकलेस रोड के पीपल्स प्लाज़ा में राज्य-स्तरीय राष्ट्रीय हथकरघा दिवस समारोह में शामिल होते हुए श्री नागेश्वर राव ने 100 से ज़्यादा स्टॉल वाली हथकरघा प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और प्रतिष्ठित कोंडा लक्ष्मण बापूजी हथकरघा पुरस्कार पाने वालों को सम्मानित किया। यह प्रदर्शनी सात से 16 अगस्त तक आम जनता के लिए खुली रहेगी।

इस अवसर पर बोलते हुए श्री नागेश्वर राव ने कहा कि हथकरघा बुनाई सिर्फ़ आजीविका का साधन नहीं बल्कि भारत की संस्कृति एवं विरासत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सरकार पारंपरिक बुनाई की खोई हुई प्रतिष्ठा को वापस लाने के साथ-साथ 'इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ़ हैंडलूम टेक्नोलॉजी'के ज़रिए युवा पीढ़ी को आधुनिक कौशल से युक्त करने की दिशा में काम कर रही है।

उन्होंने बताया कि तेलंगाना के मशहूर उत्पादों, जैसे कि गडवाल साड़ियां, पोचमपल्ली इकत, नारायणपेट वस्त्र, सिद्दिपेट गोल्लाभामा साड़ियां, वारंगल की दरियां और करीमनगर की बेडशीट को दुनिया भर में पहचान मिली है।

सरकार की पहलों का उल्लेख करते हुए श्री नागेश्वर राव ने कहा कि हथकरघा क्षेत्र को मज़बूत करने के लिए 980 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं, जिसमें 500 करोड़ रुपये की बकाया राशि भी शामिल है। उन्होंने कहा कि सरकार ने 'नेथन्ना पोडुपु', 'नेथन्नाकु भद्रथा', 'नेथन्ना भरोसा' और 'नेथन्नाकु चेयुथा' जैसी योजनाएं लागू की हैं। इसके अलावा, सरकार ने 49.27 करोड़ रुपये के हथकरघा ऋण माफ किए हैं और बुनकरों व उनसे जुड़े कामगारों को बीमा, सालाना आर्थिक मदद और कल्याणकारी लाभ भी दिए हैं।

उन्होंने ने कहा कि सरकार ने एक दशक बाद चुनाव कराकर हथकरघा सहकारी समितियों में लोकतांत्रिक कामकाज को भी बहाल किया है और भरोसा दिलाया कि वह बुनकरों को कल्याण, विपणन, आधुनिकीकरण एवं सामाजिक सुरक्षा के मामले में समर्थन देना जारी रखेगी।

इस समारोह में मंत्री दानसारी अनसूया, वरिष्ठ अधिकारी, हथकरघा पुरस्कार पाने वाले, सहकारी समितियों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में बुनकर शामिल हुए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित