हैदराबाद , मई 10 -- तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने रविवार को अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस वर्ष इंटरमीडिएट में प्रवेश प्रक्रिया सामान्य रूप से संचालित की जाए क्योंकि व्यापक परामर्श एवं विधायी चर्चा लंबित रहने तक स्कूल शिक्षा प्रणाली के साथ इंटरमीडिएट शिक्षा के प्रस्तावित विलय को स्थगित कर दिया गया है।
इंटरमीडिएट शिक्षा को नियमित विद्यालय प्रणाली में एकीकृत करने के प्रस्ताव की समीक्षा करते हुए, मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रवेश के लिए सीमित समय और कई तकनीकी चुनौतियां वर्तमान में विलय प्रक्रिया को लागू करने में बाधा डाल रही हैं।
आज जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि श्री रेड्डी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि छात्रों के हितों पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े, इसके लिए प्रवेश प्रक्रिया तुरंत शुरू की जाए।
तेलंगाना शिक्षा आयोग ने पहले से मौजूद इंटरमीडिएट प्रणाली को समाप्त करने और सीबीएसई मॉडल के समान कक्षा 11 और कक्षा 12 को स्कूली शिक्षा संरचना के अंतर्गत प्रतिस्थापित करने की सिफारिश की थी। आयोग ने कहा था कि इस कदम से छात्रों के स्कूल छोड़ने की दर में काफी हद तक कमी आ सकती है।
वर्तमान समय में तेलंगाना में इंटरमीडिएट शिक्षा की एक अलग प्रणाली है, जबकि अधिकांश अन्य राज्यों में कक्षा 11 और 12 नियमित विद्यालय संरचना का हिस्सा हैं। अधिकारियों के अनुसार, सरकारी स्कूलों से कक्षा 10 पूरी करने वाले बड़ी संख्या में छात्र अक्सर अलग से इंटरमीडिएट कॉलेजों में अपनी पढ़ाई जारी नहीं रखते हैं जिससे ड्रॉपआउट दर बढ़ जाती है।
इस पृष्ठभूमि में, श्री रेड्डी ने पहले अधिकारियों को सलाह दी थी कि वे इंटरमीडिएट पाठ्यक्रमों को कक्षा 11 और 12 के रूप में स्कूली शिक्षा संरचना में एकीकृत करने की संभावनाओं को तलाश करें।
इंटरमीडिएट में दाखिले स्थगित होने की हालिया रिपोर्टाें ने छात्रों एवं अभिभावकों में चिंता व्याप्त हो गई है। इसके बाद मुख्यमंत्री ने सांसद वेम नरेंद्र रेड्डी, मुख्य सचिव के. रामकृष्ण राव, प्रधान सचिव शेषाद्री, विशेष सचिव अजीत रेड्डी, सचिव माणिक राज और शिक्षा आयुक्त योगिता राणा से बातचीत की।
मामले की समीक्षा करने के बाद, सरकार ने तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जांच करने के लिए विलय प्रस्ताव को अस्थायी रूप से स्थगित करने का निर्णय लिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्रस्तावित परिवर्तनों पर सभी हितधारकों के साथ व्यापक परामर्श करने का निर्देश दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित